मल्लावां। पैथाेलॉजी से घर जा रहे बाइक सवार युवक को किसी वाहन ने टक्कर मार दी। हेलमेट न लगाए होने के कारण युवक के सिर में गंभीर चोटें आईं। सीएचसी में उसे मृत घोषित कर दिया गया। घटना सोमवार रात उन्नाव-कटरा मार्ग पर मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के गौरी चौराहे के पास हुई।
भड़वल सलेमपुर निवासी कृष्ण पाल सिंह उर्फ राजू (28) नगर की एक प्राइवेट पैथाेलॉजी में काम करते थे। पत्नी प्रीती कटियार के मुताबिक, सोमवार रात राजू पैथाेलॉजी से घर आने के लिए बाइक से निकले थे। उन्नाव-कटरा मार्ग पर गौरी चौराहे के पास किसी वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। घटना में गंभीर रूप से घायल राजू को एंबुलेंस से सीएचसी मल्लावां पहुंचाया गया।
यहां ड़्यूटी पर तैनात डॉ. जितेंद्र पटेल ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसका पता चलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार में पत्नी प्रीती और तीन साल की एक बेटी है। कोतवाल शिवाकांत पांडेय ने बताया कि परिजनों से तहरीर लेकर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। मार्ग पर अलग-अलग स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है।