हरदोई। पाली के नयागांव के एक घर मेें रविवार शाम विद्युत केबल से निकली चिंगारी से घर में आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने पूरे घर को अपनी जद में ले लिया। ग्रामीणों ने निजी संसाधनों से आग बुझाई, लेकिन तब तक घर में रखा गृहस्थी का सामान जल चुका था।
नयागांव निवासी शिक्षामित्र गोपाल सिंह के घर में पड़े छप्पर में रविवार शाम विद्युत केबल से निकली चिंगारी से आग लग गई। घर में मौजूद लोग कुछ समझ पाते इससे पहले ही आग ने पूरे घर को अपनी जद में ले लिया।
इस पर गोपाल व अन्य परिजन शोर मचाते हुए घर के बाहर आ गए। घर को आग की लपटों से घिरा देख ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और निजी संसाधनों से आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी।
लगभग डेढ़ से दो घंटे की मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक घर में रखा गृहस्थी का सामान व अन्य चीजें जल गईं।
पीड़ित गोपाल सिंह ने बताया कि आग से घर में बंधी एक भैंस की जल कर मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से झुलस गई। साथ ही घर में खड़ी बाइक, छह क्विंटल गेहूं, 60 किलोग्राम सरसों समेत अन्य सामान जल गया। लगभग दो से ढाईं लाख रुपये का नुकसान हो गया है। पीड़ित ने घटना की जानकारी राजस्व विभाग को दी है।