मांगों को लेकर कलक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन करते भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के पदाधिकारी व क
- फोटो : HARDOI
हरदोई। छुट्टा मवेशियों से किसानों को निजात दिलाने सहित पांच सूत्री मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) अराजनैतिक के पदाधिकारियों ने सोमवार को कलक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। इसके बाद जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा।
कलक्ट्रेट परिसर में भाकियू जिलाध्यक्ष राजबहादुर सिंह यादव ने कहा कि शासन प्रशासन के लाख प्रयासों के बावजूद छुट्टा मवेशियों से किसानों को निजात नहीं मिल रही है। गोशालय व पशु आश्रय स्थल शोपीस बनकर रह गए हैं।
सरकार द्वारा करोड़ों अरबों रुपये बर्बाद करने के बाद भी फसलें सुरक्षित नहीं हैं। फिर भी किसानों की आमदनी दोगुनी करने की गारंटी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि नहरों व रजबहों में पानी छोड़ा गया है, लेकिन गूलों की सफाई कागजों पर ही की जा रही है। इसलिए टेल तक हर खेत को पानी नहीं मिल पा रहा है।
बिजली विभाग की लापरवाही के चलते कई हादसे होने के बाद भी जर्जर झूलते तारों को नहीं सही किया जा रहा। उन्होंने सिटी मजिस्ट्रेट जंग बहादुर यादव को ज्ञापन सौंप कार्रवाई कराए जाने की मांग की। इस मौके पर गवर्नर सिंह, यदुवीर सिंह, बलवीर राजवंशी, चमेली देवी आदि मौजूद रहे।