हरदोई। मिशन प्रेरणा की ई-पाठशाला फेज-5 के तहत जिले में शुरू की गईं मोहल्ला पाठशाला की जमीनी हकीकत जानने के लिए बावन के बीईओ ने शुक्रवार को निरीक्षण किया। उन्होंने कई बच्चों से बातचीत की। इससे बच्चे काफी प्रफुल्लित नजर आए।
बावन की ग्राम पंचायत भिठारी में खंड शिक्षा अधिकारी इंद्र प्रताप सिंह और एसआरजी आशीष कुमार मिश्र ने मोहल्ला पाठशाला का निरीक्षण किया। बीईओ ने बताया कि प्राथमिक विद्यालय भिठारी के अध्यापकों रामसेवक, कुरेंद्र, बलवान कोटेदार व तोलेराम के घर पर मोहल्ला पाठशाला का संचालन किया जाता मिला।
गांव निवासी कुरेंद्र के घर पर चल रही पाठशाला में शिक्षिका स्वाती पढ़ा रहीं थीं। पाठशाला मेें मधु, प्रीति, नीलम, करन, अनामिका, नैंसी पढ़ते मिले। बीईओ के पूछने पर कि बच्चों ने कहा यहां पढ़ते अच्छा लग रहा है। छात्रा प्रीति बोली सर घर में तो बिल्कुल नहीं पढ़ पा रहे थे, यहां कम से कम पढ़ने को तो मिल रहा है। इसके बाद वह तौलेराम के घर पर चल रहे शिक्षण कार्य को देखने गए।
शिक्षिका रजनी नैतिक, विनय, कृष्णा, मोनू, अनीता, काजल, तारा देवी को पढ़ा रही थीं। शिक्षिका राधा शुक्ला गांव स्थित बारात घर में दिव्यांश, रागिनी, हेमंत, शोभित, नितेश, आयुष, शिवा सहित लगभग 15 बच्चों को पढ़ा रहीं थीं। यहां भी बीईओ को बच्चे घर के बाहर चल रही पाठशाला से काफी प्रफुल्लित नजर आए।
बीईओ और स्टेट ग्रुप सदस्य (एसआरजी) ने बच्चों से किताबों से संबंधित प्रश्न भी पूछे। कई बच्चों ने जवाब भी दिए। इसके बाद खंड शिक्षा अधिकारी उच्चतर प्राथमिक विद्यालय भिठारी के शिक्षकों के साथ बैठक की। इसमें एसआरजी ने ई-पाठशाला फेज-5 के तहत विभिन्न गतिविधियों के क्रियान्वयन पर चर्चा की। इस अवसर पर एआरपी अभिषेक तिवारी, निरुपमा सिंह, अभिनव सिंह आदि मौजूद रहे।