benluru report tell about corona patient
- फोटो : HARDOI
हरदोई। जिले में लगातार तीसरे दिन कोरोना संक्रमित मिलने से एक्टिव केस तीन हो गए हैं। इनमें से कोई मरीज ओमिक्रॉन से ग्रसित है या नहीं इसकी पुष्टि एक सप्ताह बाद बेंगलुरु से आने वाली रिपोर्ट से होगी।
जिले के सैदपुर निवासी एक युवक ने चार दिन पहले गांव पहुंची मोबाइल वैन पर स्वास्थ्य कर्मियों से कोविड की जांच कराई थी। रविवार को उसकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव निकली। जिले में लगातार तीसरे दिन कोरोना केस मिलने से स्वास्थ्य विभाग सतर्कता बरत रहा है। सीएमओ डॉ. ओपी तिवारी ने बताया कि तीनों कोविड मरीजों के सैंपल जीनोमिक सीक्वेंसिग जांच के लिए बेंगलुरु स्थित लैब भेजे गए हैं।
रिपोर्ट आने में करीब एक सप्ताह लगेगा। बताया कि रिपोर्ट आने पर ही पता चलेगा कि जिले में ओमिक्रॉन वैरिएंट की दस्तक हुई है या नहीं। सीएमओ ने लोगों से कोविड गाइड लाइन का पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि घर से बिना मास्क लगाए न निकलें।
किशोरों का टीकाकरण आज से, संख्या स्पष्ट नहीं
जिले में 15 से 18 वर्ष तक के किशोरों को सोमवार से कोविड का टीका लगाया जाना है। सीएमओ डॉ. ओपी तिवारी ने बताया कि अभी संख्या स्पष्ट नहीं है। कहा कि स्कूलों में पंजीकृत कक्षा नौ से बारह तक के छात्र-छात्राओं का डाटा जुटाया जा रहा है। इसके लिए टीमें भेजकर स्कूलों में ही बच्चों का टीकाकरण कराया जाएगा।