हरदोई। जरूरतमंद बेघर परिवारों को करीब एक बाद एक अदद मकान मिलने की उम्मीद जागी है। स्वयं सर्वे और असिस्टेड सर्वे में चिह्नित 1.36 लाख परिवारों की परमानेंट वेटिंग लिस्ट (पीडब्ल्यूएल) तैयार कराई जा रही है। सभी बीडीओ को पीडब्ल्यूएल जल्द ही तैयार कराते हुए डेटा उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है। ताकि शासन के माध्यम से भारत सरकार को मांग भेजी जा सके।
प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण में गांवों के बेघर, जरूरतमंद परिवारों को मकान उपलब्ध कराए जा रहे हैं, हालांकि इधर एक साल से एक भी आवास आवंटित नहीं हुआ है। चालू वित्तीय वर्ष में फिर से पात्रता में आने वाले परिवारों को मकान दिए जाने की कवायद शुरू की गई है। इसके लिए आवास प्लस साफ्टवेयर पर स्वयं सर्वे और असिस्टेड सर्वे कराया गया है। जिले में 1,36,134 परिवारों को योजना में चिह्नित किया गया है।
बताया कि इसमें 65,814 परिवार स्वयं से सर्वे में शामिल हुए हैं, जबकि 70,320 परिवार असिस्टेड सर्वे में चिह्नित किए गए शामिल हैं। जिला ग्राम्य विकास अभिकरण के परियोजना निदेशक अशोक कुमार मौर्य ने बताया कि शासन ने पीडब्ल्यूएल तैयार करा लिए जाने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए सभी बीडीओ और आवास पटल के कंप्यूटर ऑपरेटर को प्रशिक्षित भी किया गया है। पीडब्ल्यूएल बन जाने से पात्रता की वरीयता तय हो जाएगी। इसमें गड़बड़ी के लिए बीडीओ की ही जिम्मेदारी तय की जाएगी।