पाली। बिजली की 11 केवीए लाइन में चमगादड़ के चिपक जाने से शुक्रवार रात को दो घंटे तक उपकेंद्र की बिजली गुल रही। विभागीय कर्मचारियों ने देर रात काम करने जैसे तैसे आपूर्ति सुचारू कर दी, लेकिन कुछ देर बाद तीन ट्रांसफार्मर में फाल्ट आ गया। एक ट्रांसफार्मर सही न होने से तीन मोहल्लों की बिजली आपूर्ति रात भर गुल रही।
पाली विद्युत उपकेंद्र के पांच फीडरों से पूरे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति होती है। नगर सहित आसपास के गांव के करीब 20592 उपभोक्ता हैं। शुक्रवार की शाम सात बजे अचानक उपकेंद्र की बिजली चली गई। 11 केवीए इंकमिंग लाइन में फाल्ट की जानकारी होते ही विभागीय कर्मियों ने करीब 35 बिजली के खंभों तक पेट्रोलिंग की।
रामापुर के पास एक खंभे पर चमगादड़ दो लाइनों के बीच चिपकने से तार इंसुलेटर से उतर गया। फाल्ट मिलते ही आपूर्ति सुचारू का काम शुरू किया गया। इसमें दो घंटे का समय लग गया। करीब नौ बजे आपूर्ति बहाल हुई। बिजली शुरू हुए पांच मिनट ही हुए थे कि कस्बे में थाने के पास बाबू खां के मकान के पीछे और अहमदपुर में रखे ट्रांसफार्मर में फाल्ट आ गया। दो ट्रांसफार्मर सही कर लिए गए लेकिन थाने के पास रखे ट्रांसफार्मर को बिजली कर्मी सही नही कर सके। इससे मोहल्ला बाजार, बिराहना और पटियानीम मोहल्ले के लगभग 3 हजार उपभोक्ता गर्मी से परेशान रहे। अवर अभियंता सुखपाल सिंह ने बताया लोड अधिक पड़ने से थाने के पास बंच चिपकने से फाल्ट हो गई थी। जिसे सही करके आपूर्ति को बहाल कर दी गई है। (सिंगल)