हरदोई। बिजली विभाग ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली कटौती के लिए शेड्यूल जारी कर चुका है। किसी तरह कटौती के समय से सामंजस्य बैठा पाए ग्रामीण उपभोक्ताओं को अब अतिरिक्त कटौती का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण इलाकों में महज 12 घंटे ही बिजली आपूर्ति हो पा रही है। कटौती बढ़ने से भीषण गर्मी में उपभोक्ता परेशान हैं।
विद्युत कारपोरेशन ने जिला मुख्यालयों को 24 घंटे और तहसील स्तर पर साढ़े 21 घंटे की आपूर्ति करने का शेड्यूल दिया है। ग्रामीण क्षेत्र में 18 घंटे की आपूर्ति की जानी है। गांवों में छह घंटे की कटौती के बाद भी उपभोक्ता अघोषित कटौती ने परेशान हैं। शहर की सीमा से लगे गांव भरिगवां, औरेनी, हरसिंगपुर, रत्तापुरवा, कटका और खजुरिया गांव में सुबह और दोपहर को निर्धारित समय पर कटौती हो रही है। इसके अतिरिक्त दिन भर आवाजाही लगी रहती है। कभी कभार तो दो मिनट के अंतराल पर बिजली आती जाती रहती है। हरसिंगपुर निवासी सुंदरम, आकाश, राम निवास समेत कई ग्रामीणों ने बताया कि बिजली के बार-बार आने जाने से विद्युत उपकरणों के जलने का डर बना रहता है। कई बार उपकेंद्र पर फोन भी किया जाता है लेकिन कोई भी सुनवाई नहीं होती है।
इनेसट
अधिकारी कभी नहीं उठाते फोन
हरदोई। ग्रामीण क्षेत्र में रहने वाले लोगों की भी वही समस्या है कि बिजली विभाग के अधिकारी कभी फोन ही नहीं उठाते हैं। गांव निवासी सुंदरम ने बताया कि उनका गांव शहर से भले ही दूर न हो लेकिन बिजली की समस्या ने परेशान कर दिया है। अवर अभियंता से लेकर अधिशासी अभियंता को फोन करो तो घंटी बजती रहती है लेकिन फोन नहीं उठता है। गौरतलब हो कि दो दिन पहले बैठक कर आबकारी मंत्री ने भी फोन न उठाने पर अधिकारियों को फटकारा था, इसके बाद भी अधिकारी उपभोक्ताओं के फोन नहीं उठा रहे हैं।
वर्जन
ग्रामीण क्षेत्रों में निर्धारित शेड्यूल से आपूर्ति दी जाती है। लोकल फाल्टों की वजह से आपूर्ति में समस्या उत्पन्न हो रही है। दिन में तो हवा चलने की वजह से आपूर्ति बंद कर दी जाती है ताकि फसलों को नुकसान न हो।
सूर्य कुमार
अधिशासी अभियंता द्वितीय
बिजली विभाग