फोटो-11- लखनऊ रोड पर बारिश के दौरान भीगकर जाते पैदल व बाइक सवार। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरदोई। बुधवार चिपचिपी गर्मी के बाद गुरुवार की सुबह करीब 20 मिनट की बारिश ने थोड़ी राहत जरूर दी लेकिन कुछ ही देर में खिली धूप ने अपने तेवर ऐसे दिखाए कि गर्मी व उमस से लोग बिलबिलाते नजर आए।
पिछले कुछ दिनों से लगातार गर्मी अपने चरम पर है। बुधवार उमस व गर्मी ने ऐसे तेवर दिखाए कि जनमानस ही नहीं पशु पक्षी तक बेहाल हो गए। घुमंतू मवेशी तक पानी के लिए हैंडपंपों के आस-पास घूमते दिखाई दिए। इधर गुरुवार की सुबह भी कुछ ऐसी ही रही। उमस अधिक होने के बाद लोग सुबह से ही पसीने-पसीने नजर आए।
उमस अधिक होने के बाद कुछ ही देर में बारिश हुई। करीब 20 मिनट की हल्की बारिश में लोगों को तपिश से बहुत राहत मिली और सड़कों पर बारिश के दौरान लोगों ने भीग कर भी इस बारिश का भरपूर आनंद उठाया लेकिन कुछ ही देर के बाद सूरज चमकते ही राहत गायब हो गई और उमस ने जोर पकड़ना शुरू कर दिया तो देर शाम जारी रहा। दोपहर बाद से लोग गर्मी व उमस से बिलबिलाते नजर आए । मौसम वैज्ञानिक रमेश चंद्र वर्मा ने बताया कि गर्मी अपने चरम पर है। सूरज की तपिश लगातार बढ़ रही है।
गुरुवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 29 डिग्री रहा। बारिश के कारण बुधवार की अपेक्षा गुरुवार को दो डिग्री तापमान नीचे आया लेकिन उमस ने लोगों को बिलबिलाने पर विवश कर दिया।
फोटो-12- नुमाइश चौराहे पर धूप से बचाव को मुंह बांध कर जातीं युवतियां। संवाद- फोटो : HARDOI