हरदोई। अधिवक्ता संघ के वार्षिक चुनावों की घोषणा मंगलवार को आम सभा की बैठक में कर दी गई। संघ के बकाया सदस्यता शुल्क को जमा करने का एक और मौका देने का निर्णय हुआ। बार एसोसिएशन का चुनाव 21 दिसंबर को होगा, जबकि मतगणना 22 दिसंबर को होगी।
अधिवक्ता संघ के सभागार में आयोजित आम सभा की बैठक में महामंत्री आदर्श पांडेय ने बकाया सदस्यता शुल्क जमा करने का एक और मौका देने का प्रस्ताव रखा, जिसे पारित कर दिया गया। उन्होंने ही चुनाव की तारीखों को विचार के लिए सदन में रखा, जिस पर विचार के बाद तारीख घोषित कर दी गई। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष उदयवीर भदौरिया ने कहा कि सात दिसंबर तक बकाया शुल्क जमा किया जा सकेगा। इस दौरान पीके मिश्रा, राम प्रताप यादव, त्रिलोकी सिंह गौर, अशोक द्विवेदी, रामेंद्र तोमर, कृष्णदत्त शुक्ला, जितेंद्र श्रीवास्तव, महेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।
बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव की महत्वपूर्ण तारीखें
. सात दिसंबर तक बकाया शुल्क जमा किया जा सकेगा
. 11 दिसंबर को मतदाता सूची का प्रकाशन होगा
. 12 दिसंबर को मतदाता सूची पर आपत्तियां दी जा सकेंगी
. 14 दिसंबर को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन होगा
. 15 दिसंबर को नामांकन दाखिल होगा
. 16 दिसंबर को नामांकन पत्राें की जांच और वापसी
. 21 दिसंबर को मतदान
. 22 दिसंबर को मतगणना