हरदोई। कोहरे व धुंध की वजह से एक तो वैसे ही अवध असम एक्सप्रेस को आंशिक तौर पर निरस्त कर दिया गया है। ट्रेन तीन माह तक सप्ताह के एक दिन संचालित नहीं की जा रही है। वहीं अब ऑटोमेटिक सिग्नल प्रणाली बनाए जाने की वजह से दो दिन ट्रेन और प्रभावित रहेगी। मंडल के पिलखुवा-डासना रेलखंड पर 17 से 23 दिसंबर तक काम कराया जाएगा।
मुरादाबाद मंडल के पिलखुवा-डासना रेलखंड पर ऑटोमेटिक सिग्नल प्रणाली का काम शुरू कराया जाना है। इस दौरान रेलखंड से तमाम ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। प्रस्तावित कार्य के दौरान तीन ट्रेनों को रीशेड्यूल किया गया है और छह ट्रेनों को रास्ते में संचालित कर चलाया जाएगा। रेगुलेशन के दौरान हरदोई में रुककर जाने वाली ट्रेन संख्या 15909 अवध असम एक्सप्रेस का संचालन भी प्रभावित होगा। रेलवे ने कोहरे और धुंध की वजह से ट्रेन संख्या 15909 अवध असम एक्सप्रेस को सप्ताह में प्रत्येक शनिवार को निरस्त किया है। ऐसे में ट्रेन प्रत्येक रविवार को जिले में नहीं आएगी। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक ऋचा शर्मा ने बताया कि ऑटोमेटिक सिग्नल कार्य के चलते ट्रेन को 17 दिसंबर को 45 मिनट तक और 21 दिसंबर को 150 मिनट तक नियंत्रित कर संचालित किया जाएगा। इस दौरान सिग्नल होने पर ही ट्रेन बढ़ाई जाएगी। ऐसे में ट्रेन लेट होने की पूरी संभावना है।