हरदोई। रेल प्रशासन ने कोरोना की पहली लहर के दौरान बंद हुईं कई यात्री सुविधाओं को बहाल कर दिया है। रेलवे स्टेशन पर ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीनों (एटीवीएम ) को 22 माह बाद चालू कर दिया गया है। इससे यात्रियों को सुविधा मिलेगी।
रेलवे बोर्ड ने हरदोई, संडीला, बालामऊ में एटीवीएम मशीनों को शुरू करने के निर्देश जारी किए हैं। इससे अनारक्षित टिकट लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी राहत मिलेगी। चुनिंदा ट्रेनों में अनारक्षित टिकट की बिक्री शुरू होने के बाद मंडल रेल कार्यालय के निर्देश पर टिकट वेंडिंग मशीनें स्टेशन परिसर में लगा दी गईं हैं।
हालांकि अभी हरदोई से होकर जाने वाली दो अनारक्षित ट्रेनों व चंडीगढ़ एक्सप्रेस, नौचंदी, पद्मावत एक्सप्रेस, बालामऊ से होकर जाने वाली चार अनारक्षित ट्रेनों व नौचंदी एक्सप्रेस में, संडीला से होकर जाने वाली दो अनारक्षित ट्रेनों व नौचंदी एक्सप्रेस में ही टिकट की बिक्री शुरू की गई है। रेल अधिकारियों ने बताया कि 22 मार्च 2020 को एटीवीएम बंद करा दी गईं थी। इन्हें 16 जनवरी से शुरू कर दिया गया है।
जर्जर सड़क जैसा संडीला का प्लेटफार्म दो
संडीला। रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म दो की दशा जर्जर सड़क जैसी हो गई है। इस पर हुए गड्ढों से यात्रियों को हादसे का डर भी सताता है। इसके बाद भी जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे हैं। सांसद ने रेलवे के उच्चाधिकारियों से कहकर जल्द ही समस्या का समाधान कराने की बात कही है।
पिछले दिनों एक अधिकारी भी ट्रेन पर चढ़ते समय प्लेटफार्म दो पर गड्ढे में फंस गए थे। प्लेटफार्म पर सफाई व्यवस्था भी गड़बड़ है। चीफ बुकिंग क्लर्क मुस्तफा अली का कहना है कि अन्य समस्याएं भी हैं। स्टेशन अधीक्षक विजय कुमार सिन्हा का कहना है कि समस्याओं के बारे में उच्चाधिकारियों को बताया गया है। सांसद अशोक रावत का कहना है कि जल्द ही कमियों को दूर कराएंगे। सीएमआई मुरादाबाद को बताया है। वह रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करेंगे। स्टेशन की समस्याओं को रेलवे बोर्ड की बैठक में भी रखेंगे।