शाहाबाद। नगर में नवीन मंडी गेट के पास स्थित दुकानों की कब्जेदारी का विवाद फिर तूल पकड़ रहा है। एक दुकानदार ने पूर्व में दुकान खाली कराने और तोड़फोड़ करने के आरोपी के खिलाफ पुलिस से शिकायत की है। दुकान खाली करने के लिए धमकाने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
शाहाबाद के मोहल्ला चौक निवासी अविनाश चंद्र श्रीवास्तव ने शाहाबाद कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है। बताया कि बीती 15 नवंबर की रात लगभग पौने दस बजे वह नवीन मंडी गेट के पास स्थित अपनी किराने की दुकान पर था। आरोप है कि इसी दौरान वाजिद खेल निवासी एक शख्स चार लोगों के साथ वहां आ गया। आरोप है कि इन लोगों ने दुकान खाली करने की धमकी दी। दुकान खाली न करने पर जान से मारने की भी धमकी दी। पुलिस से की शिकायत में अविनाश ने बताया कि पूर्व में पांच अप्रैल को इसी शख्स ने दुकानों में घुसकर लूटपाट की थी। इसकी प्राथमिकी भी दर्ज की गई थी, लेकिन अब तक उस मामले में भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। कोतवाल अरविंद राय ने बताया कि पूर्व के मामले में जो लोग आरोपी थे वह नगर में ही नहीं हैं। उन्होंने 15 नवंबर की रात कोई घटना होने की बात से ही इनकार किया।
पांच अप्रैल को भी हुई थी घटना, मुख्य आरोपी को सात माह में भी नहीं पकड़ पाई पुलिस
बीती पांच अप्रैल की सुबह नवीन गल्ला मंडी गेट के पास स्थित दुकानों पर हमला कर दिया गया था। दुकानों में घुसकर तोड़फोड़ की गई थी और सारा सामान बाहर फेंक दिया गया था। दिन दहाड़े हुई इस घटना से नगर में अफरा तफरी मच गई थी। तब पुलिस ने नगर के निवासी जाहिर, हारिस, सलमान उर्फ लकी, इमरान व तारिक समेत कई लोगों के खिलाफ व्यापारियों की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की थी। पूरा मामला दुकानों पर कब्जेदारी को लेकर सामने आया था। शाहाबाद के तत्कालीन सहायक पुलिस अधीक्षक आलोक राज नारायण ने सख्त कार्रवाई का भरोसा देकर व्यापारियों को शांत किया था। इस मामले में कई आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार भी किया था। घटना के मुख्य आरोपी बताए गए जाहिर को पुलिस अब भी गिरफ्तार नहीं कर पाई है। जाहिर की गिरफ्तारी के बारे में पूछने पर कोतवाल अरविंद राय ने बताया कि मामला उच्च न्यायालय में लंबित है और आरोपी नगर में नहीं हैं।