ससुरालीजनों की प्रताड़ना से परेशान होकर महिला चार साल की बेटी को लेकर लखनऊ-दिल्ली रेलवे ट्रैक पर लेट गई। दलेलनगर रेलवे फाटक के पास अवध आसाम एक्सप्रेस मां बेटी के ऊपर से गुजर गईं, लेकिन दोनों की जान बच गई। महिला के सिर में गंभीर चोटें आई हैं और बच्ची मामूली रूप से घायल है। दोनों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती किया गया है।
उमरहा के मजरा झब्बूखेड़ा निवासी वीरेंद्र ने अपनी बहन मायावती (27) की शादी अतरौली थाना क्षेत्र के रायपुर निवासी प्रदीप के साथ की थी। अब मायावती के एक बेटी अनन्या (4) भी है। मंगलवार सुबह लगभग सवा दस बजे मायावती अपनी बेटी अनन्या के साथ लखनऊ-दिल्ली रेल मार्ग पर दलेलनगर रेलवे फाटक के पास ट्रैक पर ही लेट गई। इसी दौरान आई अवध आसाम एक्सप्रेस दोनों के ऊपर से निकल गई। दोनों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
प्रदीप ने बताया कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुरालीजन मायावती को प्रताड़ित कर रहे थे। परेशान होकर वह पिछले दो साल से मायके में थीं। सुलह समझौता कराकर दोबारा ससुराल भेजा गया, लेकिन उत्पीड़न नहीं थमा। ससुरालीजनों के पिटाई करने पर रविवार को ही मायावती बच्ची के साथ मायके आ गई थी। मंगलवार को उसने खुदकुशी का प्रयास किया। जीआरपी थानाध्यक्ष अभिषेक पांडेय बताया कि महिला को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।