हरपालपुर। अरवल थाना क्षेत्र के ग्राम बारामऊ में शुक्रवार शाम सामान के पैसे मांगने पर दबंगों ने दुकानदार की लांठी-डंडों से पिटाई कर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल दुकानदार को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
बारामऊ निवासी अनिल (27) परचून की दुकान चलाता है। अनिल ने बताया कि उसने गांव निवासी पुष्पेंद्र को उधार सामान दिया था। शुक्रवार शाम पैसे मांगने पर पुष्पेंद्र व उसके साथी मोहन सिंह ने लाठी-डंडों से उसे पीटना शुरू कर दिया।
विरोध पर सिर पर चाकू से हमला कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों के पहुंचने से पहले हमलावर भाग गए। परिजन उसे गंभीर हालत में सीएचसी ले गए। वहां से उसे रेफर कर दिया गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने हमलावरों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की है। एसओ राजपाल सिंह ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।