हरदोई। पिहानी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रसूलपुर में खेत जा रहे किसान पर सांड़ ने हमला बोल दिया। गंभीर रूप से घायल किसान को परिजन जिला चिकित्सालय लेकर गए, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
ग्राम रसूलपुर निवासी मदन (70) खेती करते थे। रविवार देर शाम वह खेत जा रहे थे। इस दौरान गांव में एक सांड़ ने उन पर हमला बोल दिया। सांड़ के हमले में मदन गंभीर रूप से घायल हो गए।
उनका पुत्र गुड्डू अन्य परिजनों के साथ उन्हें लेकर जिला चिकित्सालय पहुंचा। जहां चिकित्सक ने मदन को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया।
अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पुलिस ने सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराया। मृतक के परिवार में पत्नी राज कुमारी तीन पुत्र और दो पुत्रियां हैं।