हरदोई। होमगार्डों ने सिपाहियों के समान वेतन मिलने के आश्वासन पर खुशी व्यक्त की। उत्तर प्रदेश होमगार्ड अवैतनिक अधिकारी व कर्मचारी एसोसिएशन की बैठक बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर में हुई। जिसमें मांगों पर लिखित सहमति मिलने पर ही प्रस्तावित धरना स्थगित कर दिए जाने की बात कही गई। हालांकि अन्य मांगें पूरी न होने पर एक अगस्त से प्रदर्शन की चेतावनी दी।
एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अरविंद सिंह ने कहा कि अपर पुलिस महानिदेशक होमगार्ड्स पीके तिवारी से निष्कासित जवानों की बहाली, बीमा का लाभ, वर्दी किट, सेवानिवृत्ति पर एक मुश्त भुगतान और शत प्रतिशत ड्यूटी उपलब्ध कराने पर वार्ता हुई। उन्होंने पुलिस आरक्षी के समान वेतन भुगतान के लिए लिखित आश्वासन दिया है। ऐसे में एक जून से सात तक कार्य बहिष्कार व आठ जून को होने वाला धरना प्रदर्शन स्थगित कर दिया।
जवानों की बहाली के सिवाय शेष मांगों का प्रस्ताव अभी शासन को भेजा जाना है। ऐसे में दो जुलाई को मांगों को लेकर राजधानी में प्रदर्शन करेंगे लेकिन यदि मांग पूरी न हुई तो एक अगस्त से 10 अगस्त तक कार्य बहिष्कार व 11 अगस्त से अनिश्चितकालीन अनशन किया जाएगा।
बैठक में अजय सिंह, देवेंद्र प्रताप सिंह, राजपाल, राम सरन, जय प्रकाश, रामकुमार यादव व कैलाश मौजूद रहे।