हरपालपुर कोतवाली का निरीक्षण करते एएसपी मार्तण्ड प्रकाश सिंह।
- फोटो : संवाद
हरपालपुर। अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने बृहस्पतिवार को हरपालपुर कोतवाली का निरीक्षण किया। पंपगन के कारतूस खराब मिलने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि फिर लोग कहेंगे कि पुलिस की गन नहीं चलीं..। यहां टियर गन चलाने में इस्तेमाल होने वाला सेल भी एक्सपायरी डेट का मिला।
पिछले कुछ दिनों से अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी अपने क्षेत्र के थाना-कोतवाली का वार्षिक निरीक्षण कर रहे हैं। पचदेवरा, शाहाबाद और पाली का निरीक्षण करने के बाद बृहस्पतिवार को उन्होंने हरपालपुर कोतवाली का निरीक्षण किया। यहां कार्यालय, अभिलेख, मालखाना, मेस, कोतवाली के निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण किया। टियर गन के गैस सेल एक्सपायरी डेट के मिले।
अपर पुलिस अधीक्षक ने पूछा भी क्या इसका डिब्बा ही नहीं खोला था। इसी तरह पंप गन के कारतूस खराब मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक बिफर पड़े। इसके बाद उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि फिर यही कहा जाता है कि पुलिस की गन नहीं चली। उन्होंने प्रभारी निरीक्षक छोटेलाल को सख्त हिदायत दी कि सारी व्यवस्थाएं दुरुस्त करें अन्यथा कार्रवाई के लिए तैयार रहें।