शाहाबाद। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर ताजपुरा मैदान में ग्राम प्रधान व प्रतिनिधि और ब्लाक कर्मचारियों के बीच खेल प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं। इनमें प्रधान पक्ष के खिलाड़ियों का दबदबा रहा। दौड़ में आशीष ने बाजी मारी।
खेल प्रतियोगिता की शुरूआत ग्राम प्रधान व ब्लाक कर्मचारियों के बीच दौड़ से हुई। 100 मीटर की दौड़ प्रतियोगिता में सभी स्थानों पर प्रधान पक्ष का ही वर्चस्व रहा। इसमें मगियांवा के प्रधान प्रतिनिधि आशीष यादव प्रथम, हूंसेपुर लुकमान अमर द्वितीय व धियरई के अतुल सिंह तृतीय स्थान पर रहे। जबकि मिठनापुर के प्रधान सुमित सिंह दौड़ के दौरान गिर जाने से वह बाहर हो गए। क्रिकेट की दो मैचों की सीरीज में एक मैच प्रधान के पक्ष ने जीता जबकि दूसरा मैच ब्लाक की सचिव टीम ने जीतकर बराबरी कर ली।
ब्लाक प्रमुख त्रिपुरेश मिश्रा बीडीओ काजल ने संयुक्त रूप से पुरस्कार का वितरण किया। आयोजन में भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन, एडीओ जितेन्द्र सिंह, प्रधान शरद सिंह, प्रधान कमल किशोर शानू, प्रधान धीरेन्द्र सिंह, राघवेंद्र सिंह, प्रधान अतुल सिंह, जितेन्द्र शुक्ला आदि लोग मौजूद रहे।