हरदोई। घने बादलों के बीच रात 12 बजते ही घंटे घड़ियाल बज उठे। श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया गया। घरों से लेकर मंदिरों तक और पुलिस लाइन व कारागार में भी कृष्ण जन्मोत्सव की धूम रही। इससे पहले शनिवार को दिन भर अलग अलग स्थानों पर आयोजनों की तैयारियां होती रहीं। बाजार में भी खूब भीड़ रही।
श्री कृष्णजन्माष्टमी हमेशा से ही उत्साह और उल्लास के बीच श्रद्धा भाव से मनाई जाती है। शनिवार रात 12 बजे श्रीकृष्ण का जन्म हुआ। इससे पहले पुलिस लाइन में शनिवार को दिन भर झांकी सजाए जाने का कार्य चलता रहा। नुमाइश चौराहा पर स्थित शिव भोले मंदिर, बड़ा चौराहा स्थित सिद्धनाथ मंदिर, छोटा चौराहा स्थित तुरंतनाथ मंदिर, तिकुनिया पार्क के पास स्थित बाबा विश्वनाथ मंदिर आदि स्थानों पर दिन भर साज सज्जा का दौर चलता रहा।
शहर के बाजारों में भी सजावटी सामान की खूब बिक्री हुई। घरों को सजाने के लिए बड़ी संख्या में युवतियों और महिलाओं ने सजावटी सामान खरीदा। शहर में काशीनाथ परिसर में स्थित मंदिर में भी भव्य सजावट हुई। यहां रात के 12 बजे बड़ी संख्या में शहरी झांकी देखने के लिए पहुंचे। शहर के रामजानकी मंदिर भी शाम से ही श्रद्धालु पूजन के लिए पहुुंच गए। यहां भी भव्य सजावट की गई है।
40 रुपये में एक बिका नार वाला खीरा
नार वाला खीरा बाजार में जन्माष्टमी के कारण काफी मंहगा बिका। सामान्य खीरा जहां चालीस रुपये किलो बिका वहीं नार वाला खीरा चालीस रुपये में एक मिला। इसके बाजवूद बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शहर में अलग अलग जगहों पर लगे ठेलों से नार वाला खीरा खरीदा।