हरदोई। शासन के निर्देश पर रविवार को जनपद की 48 न्यू पीएचसी पर आरोग्य मेलों का आयोजन किया गया। इस दौरान मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक दवाएं वितरित की गईं। शहर के मोहल्ला आलूथोक स्थित न्यू पीएचसी पर आयोजित जन आरोग्य मेले का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष सुख सागर मिश्र मधुर ने सीएमओ डॉ. एसके रावत के साथ किया। इस दौरान मेले में आए मरीजों से बातचीत कर चिकित्सकों को निर्देश दिए कि सभी मरीजों को परीक्षण के उपरांत दवाएं दी जाएं। नगर पालिका अध्यक्ष और सीएमओ ने विभूतिनगर पीएचसी पर भी लगे मेले का जायजा लिया।
पिहानी प्रतिनिधि के अनुसार ग्राम जहानीखेड़ा में स्थित न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ पिहानी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधीक्षक डा. जीत़ेंद्र श्रीवास्तव ने किया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य योजनाओं के प्रति ग्रामीणों में जागरुकता लाए जाने की आवश्यकता है। शिविर में डॉ. हिरा मुमताज, डॉ. जुबैर, संध्या पाल, रूबी, शिल्पी वर्मा आदि मौजूद रहे। शिविर के बाद जन जागरुकता रैली भी निकाली गई।
मल्लावां प्रतिनिधि के अनुसार पुरवावां स्थित न्यू पीएचसी में डॉ. अजितेश कुमार और नसीरपुर में डॉ. महेंद्र वर्मा के नेतृत्व में आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। पुरवावां में 65 और नसीरपुर में 45 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक दवाईयां वितरित की गईं। लगभग 12 महिलाओं और दस बच्चों का टीकाकरण भी किया गया।
माधौगंज प्रतिनिधि के अनुसार न्यू पीएचसी गौरा में डॉ. नवनीत आनंद और डॉ. संजय कुमार की टीम ने व न्यू इसरापुर में मुरलीधर ने स्वास्थ्य परीक्षण किया। कुतुवापुर स्थित न्यू पीएचसी में डॉ. अंशुल, डॉ. मिथिलेश और डॉ. एके वर्मा ने रोगियों का परीक्षण का दवाई वितरित की।
संडीला प्रतिनिधि के अनुसार लूमामऊ न्यू पीएचसी पर आरोग्य मेले का उद्घाटन ब्लाक प्रमुख संडीला कुंवर वीरेंद्र सिंह ने किया। इसके अलावा गदौरा और गोसवा में भी मेले का आयोजन किया गया। संडीला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डा. शरद वैश्य ने बताया कि संयुक्त निदेशक डॉ. अलका सिंह ने लूमामऊ में आयोजित आरोग्य मेले का निरीक्षण किया। तीनों मेलों में कुल 242 मरीजों को स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाईयां दी गईं।
गोपामऊ प्रतिनिधि के अनुसार कस्बे के न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष के प्रतिनिधि नौशाद ने फीता काटकर मेले का शुभारंभ किया। मेले में 25 लोगों का स्वास्थ परीक्षण कर आवश्यक दवाईयां दी गईं। इस दौरान डा. अमित पाल, विजय पाल रावत, वीरेश पाल, राकेश कुमार आदि मौजूद रहे।
शाहाबाद प्रतिनिधि के अनुसार आरोग्य मेला का आयोजन तीन अलग अलग स्थानों पर हुआ। उधरनपुर न्यू पीएचसी में डा. शारिक परवेज ने 48, हर्रई न्यू पीएचसी में डा. प्रवीण दीक्षित ने 43 और मोहल्ला खेड़ा बीबीजई में स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डा. मुरारीलाल गुप्ता ने 50 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया।
टडिय़ावां प्रतिनिधि के अनुसार कालाआम और बहोरवा में स्थित न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आरोग्य मेलों का आयोजन किया गया। जिला सहकारी बैंक के निदेशक अमरेंद्र प्रताप सिंह ने फीता काटकर मेले का शुभारंभ किया। यहां डा. मनु शर्मा, डा. ज्ञानेंद्र कुमार, डा. वत्सला गुप्ता, डा. योगेंद्र मौजूद रहे। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भी मेले का आयोजन किया गया। डा. अनुज गुप्ता, डा. संदीप आदि मौजूद रहे।
बघौली प्रतिनिधि के अनुसार अहिरोरी विकास खंड के न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बम्हनाखेड़ा, न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शुक्लापुर, न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बदौली और घनश्याम नगर में आरोग्य मेले का आयोजन हुआ। डा. मनोज सिंह, डा. एलेक्स चांद, डा. कांती कुमार, डा. सीमा चौधरी, डा. राजीव श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।