सवायजपुर (हरदोई)। क्षेत्र के विद्युत उपभोक्ताओं को जल्द ही जर्जर विद्युत लाइनों के कारण आए दिन होने वाले लोकल फाल्टों से निजात मिल जाएगी। विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह के सीएम को भेजे गए पत्र को संज्ञान में लेकर शासन ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को स्टीमेट तैयार करने और लाइन बदलवाने के निर्देश दिए हैं। अब दो फीडरों से जुड़ी नौ किलोमीटर जर्जर लाइनें बदली जाएंगी। इससे 19 गांवों के करीब 3400 उपभोक्ता लाभान्वित होंगे।
कस्बा स्थित विद्युत उपकेंद्र से क्षेत्र के दर्जनों गांवों के उपभोक्ताओं को आपूर्ति दी जाती है। उपकेंद्र के दो फीडरों से जुड़े ग्राम रूपापुर, कहरई, नकटौरा व बीरेपुर समेत सवायजपुर से खसौरा और सवायजपुर से चकौती खुर्द समेत 19 गांवों को जोड़ने वाली विद्युत लाइन जर्जर हो चुकी है। लाइन जर्जर होने के कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं वह आपूर्ति भी प्रभावित होती है। हाल ही में विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह ने इसमें सुधार को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा था और उनसे जर्जर विद्युत लाइन बदलवाने की मांग की थी। मुख्यमंत्री के निर्देश पर शासन में बैठे अधिकारियों ने पत्र को संज्ञान में लिया है।
शासन के उप सचिव महावीर प्रसाद गौतम ने विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह रानू के पत्र का हवाला देते हुए उप्र पॉवर कारपोरेशन के प्रबंध निदेशक को पत्र लिखा है। उन्हें सवायजपुर उपकेंद्र के दोनों फीडरों से संबद्ध गांवों की जर्जर लाइन बदलने के लिए आवश्यक कार्रवाई पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।
शाहाबाद के एसडीओ विद्युत रणधीर कुमार ने बताया कि सवाजयपुर उपकेंद्र के रूपापुर फीडर से उबरिया, चकौती, चकौती कलां, तिमिरपुर, कौशिया, रूपापुर, इनायतपुर, खेमपुर, सेमर झाला व खितौली समेत 11 गांव जुड़े हैं। जिसमें 2300 उपभोक्ता हैं। इस क्षेत्र की विद्युत लाइन की लंबाई लगभग 6 किलोमीटर है। वहीं कटियारी फीडर से पांडेपुरवा, गदनापुर, सिरसा, पूरनपुर, ऊंचा गांव, तिथिगांव व कनकथू खेड़ा समेत आठ गांव जुड़े हैं। इन गांवों में 1100 उपभोक्ता हैं। इस क्षेत्र में तीन किलोमीटर विद्युत लाइन पुरानी है। उपकेंद्र के जेई रामकृपाल ने बताया कि नौ किलोमीटर की जर्जर विद्युत लाइनें बदलवाने पर लगभग 24 लाख रुपये खर्च होंगे। इस्टीमेट शासन को भेजा जा चुका है।