कुछ इस तरह जलती रही एंबुलेंस। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरियावां (हरदोई)। एंबुलेंस में शार्ट सर्किट से आग लग गई। सिपाही ने आग बुझाने की कोशिश की लेकिन एंबुलेंस में रखा ऑक्सीजन सिलिंडर फट गया। हादसे में सिपाही समेत चार लोग घायल हो गए।
पिहानी के मंसूरनगर में हुए हादसे में एक व्यक्ति के घायल होने की सूचना मिलने पर रविवार दोपहर हरियावां सीएचसी में तैनात पायलट सूरज व ईएमटी लालता प्रसाद 108 एंबुलेंस लेकर मौके पर जा रहे थे। हरदोई पिहानी मार्ग पर गाड़ी पुरवा गांव के पास इंजन में शार्ट सर्किट से एंबुलेंस में आग लग गई। चालक और ईएमटी एंबुलेंस से उतर गए। उन्होंने आग बुझाने की कोशिश की। इस बीच साथी सिपाही दीपक यादव के साथ पिहानी से हरदोई जा रहा पिहानी कोतवाली का सिपाही सोनू रावत (25) मौके पर पहुंच गया।
सोनू आग बुझाने में पायलट व ईएमटी की मदद करने लगा। इस बीच एंबुलेंस में रखा ऑक्सीजन सिलिंडर फट गया। उसकी चपेट में आने से सोनू, वहां से गुजर रहा साइकिल सवार श्रीपाल (60) निवासी मोहल्ला छिपी टोला कस्बा पिहानी, बाइक सवार लाल सिंह (40) व उसकी बेटी निरंजना (13) निवासी कस्बा व थाना पसिगवां जिला लखीमपुर भी घायल हो गई। हरियावां पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया है। एंबुलेंस संचालन का काम देख रही जीवीके ईएमआरआई कंपनी के जिला कोआर्डिनेटर निशांत यादव ने बताया कि पूरी घटना की जांच कराई जाएगी।