जिला महिला चिकित्सालय में जानकारी लेतीं समिति की सभापति सरिता भदौरिया व मौजूद दोनों महिला विधाय
- फोटो : HARDOI
हरदोई। उत्तर प्रदेश विधान मंडल की बाल विकास महिला कल्याण संबंधी समिति की द्वितीय उपसमिति ने गुरुवार को जिला महिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया। यहां भर्ती प्रसूताओं से व्यवस्थाओं की जानकारी ली। 102 एंबुलेंस सेवा का रजिस्टर अपडेट न होने पर उपसमिति के सदस्यों ने नाराजगी जताते हुए व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए।
उपसमिति की सभापति विधायक सरिता भदौरिया, विधायक सुचिता मौर्या और विधायक रजनी तिवारी गुरुवार सुबह जिला महिला चिकित्सालय पहुंचीं। उन्होंने यहां भर्ती प्रसूताओं से बातचीत की। चिकित्सकों के समय से आने, नाश्ता आदि समय से मिलने की जानकारी दी। बाहर से दवाइयां न मंगाए जाने की जानकारी भी दी।
इसके बाद समिति ने जिला महिला चिकित्सालय में ही आवश्यक अभिलेख भी देखे। इस दौरान 102 एंबुलेंस सेवा का रजिस्टर अपडेट नहीं मिला। समिति में शामिल विधायक रजनी तिवारी ने बताया कि 102 एंबुलेंस सेवा का रजिस्टर अपडेट करने के निर्देश स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों को दिए गए हैं।