फोटो- 21- इमरजेंसी में इलाज के लिए आए एंबुलेंस चालक ओवेंद्र। संवाद
हरदोई। हरपालपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात एंबुलेंस चालक को बुधवार आधी रात को जहरीले सांप से डस लिया। युवक की जिंदगी बचाने के लिए सीएचसी से लेकर मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी तक में करीब 30 एंटी-वेनम के इंजेक्शन दिए गए। इसके बाद भी उसकी हालत में सुधार न होने पर डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। इस दौरान साथी कर्मचारियों ने 400 से अधिक थपकियां मारकर युवक को जगाए रखने का प्रयास किया।
फर्रुखाबाद जनपद के बीरपुर निवासी ओवेंद्र (35) हरपालपुर सीएचसी पर एंबुलेंस चालक हैं। परिसर स्थित क्वार्टर में ही उनका निवास है। बुधवार देर रात करीब दो बजे जब वह सो रहे थे तभी एक सांप ने उनके बायें हाथ की अंगुली में काट लिया। ओवेंद्र ने अपने सहकर्मी प्रदीप को जानकारी दी। प्रदीप उन्हें सीएचसी लेकर गए वहां प्राथमिक उपचार दिया गया। हालत में सुधार हुआ लेकिन बृहस्पतिवार सुबह ओवेंद्र को चक्कर आने लगे और उल्टियां हुईं। सांस लेने में तकलीफ महसूस होने पर डॉक्टरों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
मेडिकल कॉलेज में ईएमओ डॉ. शेर सिंह और डॉ. रूपेंद्र सिंह ने उनका इलाज शुरू किया और जगाए रखने की सलाह दी ताकि वह कोमा में न जाएं। ओवेंद्र के साथी हरिओम और प्रदीप ने उनके गाल, सीने और पीठ पर 400 से अधिक थपकियां देकर जगाए रखने का प्रयास किया। मेडिकल टीम ने भी जहर के प्रभाव को कम करने के लिए 30 एंटी-वेनम इंजेक्शन लगाए। इन प्रयासों के बावजूद हालत में सुधार नहीं हुआ और उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया गया। ओवेंद्र के परिवार में पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री है।