हादसे में क्षतिग्रस्त सुपर फास्ट अमरनाथ एक्सप्रेस का इंजन
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
हरदोई रेलवे स्टेशन पर गुरुवार रात करीब 10:15 बजे नशे में धुत चालक माल गोदाम की ओर से कार लेकर प्लेटफार्म नंबर एक पर चढ़ गया। बेकाबू कार प्लेटफार्म से फिसलकर पटरी पर लटक गई। इसी बीच लखनऊ की ओर से 15653 अमरनाथ एक्सप्रेस साप्ताहिक ट्रेन आ गई। लोगों के चिल्लाने पर चालक और उसमें सवार दो लोग कूदकर भाग निकले।
स्टेशन अधीक्षक राम रतन सिंह ने वायरलेस पर ट्रेन के चालक टी रमेश चंद्र को ट्रैक पर वाहन लटके होने की सूचना दी। लेकिन तब तक ट्रेन आउटर सिग्नल पार कर प्लेटफार्म की ओर बढ़ गई थी। ट्रेन चालक ने वैक्यूम रिलीज कर हल्का इमरजेंसी ब्रेक लगाया। फिर भी ट्रेन प्लेटफार्म पर कार को टक्कर मारते हुए आगे बढ़ गई। इस दौरान कार ट्रेन के इंजन में फंसकर करीब 70 मीटर तक घिसटती चली गई। फुट ओवरब्रिज के खंभे से टकराकर कार एक किनारे गिरी और ट्रेन घिसटती हुए करीब सौ मीटर आगे सिग्नल के पास रुक गई।
तेज आवाज होने से ट्रेन में सवार यात्रियों के साथ प्लेटफार्म पर बैठे मुसाफिरों में भी खलबली मच गई। खौफजदा यात्री आनन फानन ट्रेन से नीचे उतर आए। ट्रेन का इंजन फेल होने से शाहजहांपुर के रौजा से दूसरा इंजन मंगाया गया और रात 1:37 बजे ट्रेन रवाना हुई। सुबह एडीआरएम हितेंद्र मल्होत्रा के निर्देश पर जांच टीम पहुंची। इसमें सीनियर डीओएमजी प्रेम सिंह मीणा, सीनियर डीएसओ एसी गौतम और सीनियर डीएमई तीन यातायात निरीक्षक के साथ जांच के लिए हरदोई स्टेशन पहुंचे। आरपीएफ ने गाड़ी मालिक कुलदीप पुत्र जवाहर लाल निवासी सिविल लाइन हरदोई और कार चालक पर मुकदमा दर्ज किया है।