हरदोई। रक्षाबंधन पर बहन बेटियों समेत हर किसी को सुविधाजनक यात्रा का भरोसा दिलाने वाले परिवहन विभाग के इंतजाम उत्साही भीड़ के आगे नाकाफी साबित हुए। न सिर्फ मुफ्त यात्रा करने वाली बहन बेटियों को बल्कि अन्य यात्रियों को भी बस में चढ़ने के लिए परेशानी उठानी पड़ी।
परिवहन निगम की ओर से रक्षा बंधन पर रविवार की रात 12 बजे से सोमवार की रात 12 बजे तक महिलाओं को निशुल्क यात्रा की सुविधा दी गई है। रविवार की रात 12 बजे के बाद क्षेत्रीय प्रबंधक एमएल केसरवानी ने बस के अंदर जाकर महिलाओं को शून्य रुपये का टिकट जारी कराया। सोमवार की अल सुबह से ही रोडवेज स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ बढ़ने लगी थी। दिन चढ़ते ही यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ती गई। रोडवेज बस स्टेशन पर यात्रियों की संख्या बढ़ने के कारण उनको बस में चढ़ना भी मुश्किल हो रहा था। बस के आने के साथ ही उस पर चढ़ने के लिए मारामारी रही, जो जिस रास्ते से भी बस में चढ़ पाता, उसका प्रयास कर रहा था। रोडवेज बस स्टेशन पर सुबह से शुरू हुआ सिलसिला सोमवार को रात तक जारी रहा। महिलाओं और बच्चों को बस में चढ़ने में सबसे अधिक समस्या हुई।
क्षेत्रीय प्रबंधक एमएल केसरवानी ने बताया कि सभी सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को त्योहार पर बसों की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए थे। इस बार विगत वर्ष की तुलना में यात्रियों की संख्या अधिक रहने की संभावना है।