हरदोई। जिलाधिकारी अनुनय झा ने ग्रामीणों तक स्वास्थ्य और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया। सीएमओ से कहा कि चठिया गांव के आयुष्मान आरोग्य मंदिर में सभी व्यवस्था जुटाकर प्रसव केंद्र के रूप में संचालित कराएं। प्रधान से कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र में बिजली कनेक्शन कराते हुए पंखा आदि लगवाएं। वहीं चौपाल में विभिन्न योजनाओं-कार्यक्रमों में पात्रों को लाभांवित किया गया।
डीएम ने ब्लॉक टोडरपुर के कन्या जूनियर हाईस्कूल चठिया में ग्राम चौपाल लगाई और निरीक्षण किया। आयुष्मान आरोग्य मंदिर की फर्श क्षतिग्रस्त होने पर प्रधान राजवती से कहा कि मरम्मत कराएं। डीएम ने विद्यालय में पौधरोपण किया। शाहाबाद एसडीएम एके तिवारी, पीडी अशोक कुमार मौर्य, डीपीआरओ विनय कुमार सिंह, श्रम रोजगार उपायुक्त आरपी सिंह, सीवीओ डॉ. एके सिंह सिहत अधिकारी मौजूद रहे।