हरदोई। लगातार पारा चढ़ने से गर्मी ने लोगों को हलकान कर दिया है। चटख धूप और बढ़ते तापमान की वजह से 14 दिन बाद एक बार फिर से पारा 39 डिग्री सेल्सियस पार कर गया। न्यूनतम तापमान में भी वृद्धि हुई। इससे रात में भी सुकून नहीं मिल रहा।
धूप के तेवर दिनों दिन बढ़ने के साथ ही आसमान से आग बरसना शुरू हो गई है। सुबह होते ही आसमान में सूरज चमकना शुरू कर देता है और 10 बजने तक तापमान 30 डिग्री तक पहुंच जाता है। पूरे दिन भीषण गर्मी और धूप की वजह से दोपहर तक तापमान अपने चरम पर होता है। भीषण गर्मी के कारण लोग घरों में कैद होने को मजबूर हैं। पशु पक्षी तक गर्मी से बेहाल हो चुके हैं। बीते सप्ताह मौसम के करवट लेने से थोड़ी राहत थी, लेकिन अब तापमान में फिर से बढ़ोतरी हो गई है। 14 दिन के बाद एक बार फिर तापमान ने 39 डिग्री सेल्सियस पार कर लिया। इस बार न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी हो रही है।
मौसम वेधशाला प्रेक्षक आरसी वर्मा ने बताया कि रविवार को अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस है, जो शनिवार से आधा डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री पर स्थिर बना हुआ है। बताया कि आर्द्रता बढ़कर सुबह 68 फीसदी और शाम को 43 फीसदी हो गई है। नमी बढ़ने से उमस भी लोगों को परेशान कर रही है।