अधिवक्ता संघ चुनाव में मंगलवार को होने वाले मतदान को लेकर प्रत्याशियों की सोमवार को कचहरी में खासी चहल पहल रही। चुनाव प्रचार का अंतिम दिन होने के कारण प्रत्याशियों ने चुनाव प्रचार में पूरी ताकत लगा दी। दूसरी ओर कचहरी के बाहर भी अलग अलग गुटों में मीटिंगों का दौर जारी रहा। एल्डर्स कमेटी के अध्यक्ष रामेश्वर प्रसाद गुप्ता ने बताया कि संघ के चुनाव में 22 पदों के लिए 61 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। मंगलवार को कचहरी के 1446 मतदाता अधिवक्ता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
इल्डर कमेटी की देखरेख में आज होने वाले मतदान के लिए कुल 15 बूथ बनाए गए है। जिसमें अधिवक्तागण अपने परिचय पत्रों को लेकर एसी कक्ष में पहुंचकर अपने सूची क्रमांक को बताकर मतदान कर सकेंगे और सुबह 8 बजे से शुरू हुआ मतदान शाम 5 बजे चलेगा। भोजनावकाश के कारण दोपहर डेढ़ बजे से 2 बजे के मध्य मतदान रुका रहेगा। मतदान के चलते सभी अधिवक्ता न्यायिक कार्यों से विरत रहेंगे।
वहीं वकील घर में बाहरी व्यक्तियों का प्रवेश वर्जित रहेगा। इस दौरान संघ के महामंत्री कमलेश पांडे ने बताया कि चुनाव की पारदर्शिता को बनाए रखने के लिए मतदान व मतगणना की प्रक्रिया कैमरे की निगरानी में होगी और पूरी प्रक्रिया को लाइव एलसीडी पर देखा जा सकेगा।