फोटो-23-शाहाबाद में प्रदर्शन करते अधिवक्ता। संवाद
हरदोई। सिगरेट के रुपये मांगने को लेकर अधिवक्ता को पीटने का मामला मंगलवार को भी तूल पकड़े रहा। दो आरोपियों की गिरफ्तारी होने के बाद भी अधिवक्ता मंगलवार को भी हड़ताल पर रहे। बुधवार को भी अधिवक्ताओं ने हड़ताल का एलान किया है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के नयागांव निवासी रोहित सिंह ने रविवार रात प्राथमिकी दर्ज कराई थी। बताया था कि रविवार रात वह लालपालपुर निवासी दीपक त्रिपाठी और शहर के रामनगर निवासी दीपक पाल के साथ रंजना होटल गए थे। यहां दो थाली खाना पैक कराने का ऑडर देने के बाद पास ही स्थित दुकान पर सिगरेट ले कर पीने लगे थे।
इसी दौरान दुकानदार ने सिगरेट के रुपये मांगे थे। इसको लेकर विवाद हो गया था। रंजना होटल के मालिक, उनके कारीगरों और पान दुकानदार पर प्राथमिकी दर्ज हुई थी। घटना में दीपक पाल घायल हुए थे। अधिवक्ताओं ने आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक हड़ताल की घोषणा की थी। मंगलवार की सुबह शहर कोतवाली पुलिस ने घटना में शामिल मझिला थाना क्षेत्र के रामपुर कोड़ा निवासी रामकृपाल उर्फ छोटू और सांडी के औलादगंज निवासी जतिन उर्फ शशांक त्रिवेदी को गिरफ्तार कर लिया।
इसके बाद भी हड़ताल खत्म नहीं हुई। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रामेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि सभी आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। कहा कि बुधवार को भी हड़ताल रहेगी और जरूरत पड़ी तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। सीओ सिटी अंकित मिश्रा ने बताया कि अन्य आरोपियों की भी तलाश की जा रही है।
-
शाहाबाद। जिला मुख्यालय पर अधिवक्ताओं को पीटे जाने के मामले में तहसील के अधिवक्ताओं ने मंगलवार को प्रदर्शन किया। प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग भी की गई। अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष गोविंद राम दीक्षित के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने तहसील से बस अड्डे तक विरोध प्रदर्शन किया। हरदोई की घटना के आरोपियों की गिरफ्तारी करने की मांग की। इस दौरान अमित गुप्ता, मोहम्मद नवाज खां, विमलेश लोधी, बसंत गुप्ता, अनिल शुक्ला आदि मौजूद रहे।