हरदोई। सूबे के समाज कल्याण और जनपद के प्रभारी मंत्री असीम अरुण के प्रयास रंग लाए।
जनपद में सीएमओ के अधीन सप्ताह में तीन दिन के लिए रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती अस्थायी तौर पर कर दी गई है। इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग के अपर निदेशक डॉ. जीपी गुप्ता ने सीएमओ डॉ. भवनाथ पांडेय को पत्र भी भेज दिया है। सीएमओ भी जनपद में रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती कराने के लिए प्रयासरत थे। सीतापुर जनपद के तंबौर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉ. पवन कुमार की तैनाती की गई है।
जनपद में पिछले एक साल से रेडियोलॉजिस्ट का पद रिक्त है। इस कारण मेडिकोलीगल कराने के लिए लोगों को पुलिस के साथ सीतापुर जाना पड़ता है। इतना ही नहीं गोली मारकर खुदकुशी करने या हत्या के मामले में एक्सरे के लिए भी शव सीतापुर ले जाना पड़ता है। रेडियाेलॉजिस्ट न होने का मामला कई बार
अमर उजाला में प्रकाशित हुआ। 30 दिसंबर को जनपद में दौरे पर आए प्रभारी मंत्री असीम अरुण के सामने भी जनप्रतिनिधियों और जिले के उच्चाधिकारियों ने रेडियोलॉजिस्ट न होने की बात रखी थी। इस कारण होने वाली परेशानियों का भी उल्लेख किया गया था।
संवाद न्यूज एजेंसी से विशेष बातचीत में प्रभारी मंत्री असीम अरुण ने 30 दिसंबर को ही बताया था कि वह इस मामले में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक से बात कर कोई न कोई व्यवस्था फौरी तौर पर कराएंगे। इसी क्रम में सीएमओ डॉ. भवनाथ पांडेय ने बताया कि सीतापुर की तंबाैर सीएचसी में तैनात डॉ. पवन कुमार को सप्ताह में तीन दिन के लिए हरदोई में काम करने के लिए अधिकृत किया गया है। इससे पूर्ण रूप से तो नहीं लेकिन काफी हद तक मेडिकोलीगल समेत अन्य मामलों में राहत मिलेगी। सीएमओ ने बताया कि अभी डॉ. पवन कुमार के आने के बाद तीन दिन सीएमओ सीतापुर की सहमति से तय किए जाएंगे।