हरदोई। मवेशी चोरी करने के आरोप में पुलिस ने पीलीभीत निवासी चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से एक कार भी बरामद हुई है। खास बात यह है कि चोर कार की विंडस्क्रीन पर अधिवक्ता लिखकर घूमते थे और घटना को अंजाम दे देते थे।
शाहाबाद नगर के मोहल्ला अल्हापुर इबनेजई निवासी अंजुम ने 22 अगस्त को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें बताया थाकि उसके मकान के बाहर बंधे दो बकरे और एक बकरी कोई चोरी कर ले गया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। इसी दौरान मिले अहम सुरागों के जरिए पुलिस ने मंगलवार को पीलीभीत के बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र के गयासुर निवासी शकील, सद्दाम, मोहम्मद आशू और रिजवान को गिरफ्तार कर लिया। प्रभारी निरीक्षक उमेश त्रिपाठी ने बताया कि चोरी के मवेशी आरोपियों ने बेच दिए थे। इनके पास से दो हजार रुपये भी बरामद हुए हैं। घटना में इस्तेमाल की गई कार भी बरामद हुई है। न्यायालय में पेश कर चारों को जेल भेज दिया गया है।