संवाद न्यूज एजेंसी
शाहाबाद। शाहाबाद तहसील में वकालत करने वाले अधिवक्ता और भाजपा नेता ने बुधवार को एसडीएम से ज मकर अभद्रता की। एसडीएम ने पूरे मामले में अनूसूचित जाति उत्पीड़न, सरकारी कार्य में बाधा डालने समेत कई धाराओं में रिपोर्ट शाहाबाद कोतवाली में दर्ज कराई है।
शाहाबाद की एसडीएम पूनम भास्कर हैं। शाहाबाद कोतवाली में दी तहरीर में एसडीएम ने बताया कि बुधवार को वह अपने चैंबर में जनसुनवाई कर रही थीं। इसी बीच अधिवक्ता और भाजपा नेता अमित मिश्रा चैंबर में आ गए। एसडीएम कोर्ट में विचाराधीन करुणाशंकर बनाम उत्तम कुमार वाजपेयी के मामले में तथ्यों को छिपाकर एक प्रार्थना पत्र दिया। इस पर एसडीएम ने पेश कार से मुकदमे से संबंधित पत्रावली तलब कर अवलोकन किया।
उक्त मामले में बीस सितंबर को बहस हो चुकी थी और फाइल आदेश में लगी थी। एसडीएम का कहना है कि अधिवक्ता को पत्रावली के बारे में पूरी जानकारी दी, लेकिन तथ्यों को छिपाकर दबाव बनाया जा रहा था। एसडीएम ने पत्रावली के संबंध में न्यायालय में पक्ष रखने की बात अमित मिश्रा से कही। इस पर अमित मिश्रा उत्तेजित होकर एसडीएम की मेज पीटने लगे और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए तेज आवाज में जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया। जनसुनवाई के कार्य में भी बाधा की। सीओ हेमंत उपाध्याय ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है।