हरदोई। काम, भुगतान और पर्यवेक्षण में लापरवाही पर जिला पंचायत राज अधिकारी विनय कुमार सिंह ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने एक पंचायत सचिव को प्रतिकूल प्रविष्टि दी, एक अन्य का एक दिन का वेतन रोक दिया। चार अन्य ग्राम विकास अधिकारी (वीडीओ) के विरुद्ध कार्रवाई की संस्तुति जिला विकास अधिकारी से की है।
गांवों में काम, भुगतान, साफ-सफाई आदि की डीपीआरओ ने वर्चुअल संवाद से समीक्षा की। विकास खंड अहिरोरी, बावन, सुरसा, हरियावां और टड़ियावां की समीक्षा में टड़ियावां में तैनात पंचायत सचिव आशीष वाजपेयी गैरहाजिर थे। उनकी तैनाती ग्राम पंचायतों में राज्य वित्त आयोग और केंद्रीय वित्त आयोग की स्थिति ठीक नहीं मिली। बताया कि 19 अगस्त का एक दिन का वेतन भुगतान पर रोक लगा दी गई है। टड़ियावां की ही ग्राम पंचायत अयारी, बोझवा व लालपुर भैंसरी में करीब 16 लाख, 68 हजार, 057 रुपये डंप होने पर नाराजगी जताई।
वीडीओ रजनीश वर्मा के विरुद्ध कार्रवाई की संस्तुति डीडीओ से की गई है। ऐसे ही विकास खंड बावन में तैनात वीडीओ अवनीश कश्यप, अभयराज वर्मा और रवी वर्मा की तैनाती वाली ग्राम पंचायतों की स्थिति खराब है। उन वीडीओ के विरुद्ध भी कार्रवाई के लिए डीडीओ को लिखा गया है। बताया कि हरियावां में तैनात पंचायत सचिव संतोष सिंह को लापरवाही पर प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है। बावन के सहायक विकास अधिकारी पंचायत से जवाब-तलब किया गया है।
पंचायत सचिव, प्रधान अभिलेख सहित तलब
डीपीआरओ ने बताया कि विकास खंड सुरसा में तैनात वीडीओ सतेंद्र सिंह बैठक से भी गैरहाजिर थे। उनकी तैनाती ग्राम पंचायतों की स्थिति ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर ठीक नहीं है। सुरसा बीडीओ के माध्यम से पंचायत सचिव और प्रधानों को अभिलेखों सहित 21 अगस्त को तलब किया गया है।