डीएम चौराहे पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैनात पुलिस फोर्स। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : HARDOI
हरदोई। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के मद्देनजर शनिवार सुबह होते-होते न सिर्फ शहर में बल्कि ग्रामीण इलाकों में भी पुलिस मुस्तैद रही। एडीएम संजय कुमार सिंह और सिटी मजिस्ट्रेट गजेंद्र कुमार शनिवार सुबह से ही शहर में बनाए गए ड्यूटी प्वाइंट्स की हकीकत परखने के लिए निकल पड़े।
फैसला सुनाए जाने से पहले डीएम पुलकित खरे और एसपी आलोक प्रियदर्शी ने सुबह 9:30 बजे से शहर का भ्रमण शुरू कर दिया। उन्होंने पुलिस बल को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने अलग-अलग स्थानों पर ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल से बातचीत की और आवश्यक निर्देश दिए। इसी तरह एडीएम और सिटी मजिस्ट्रेट रोडवेज बस अड्डा सहित अलग-अलग स्थानों पर ड्यूटी प्वाइंट्स चेक करते नजर आए।
संडीला कस्बे में एसडीएम मनोज कुमार श्रीवास्तव और सीओ अमित किशोर श्रीवास्तव के नेतृत्व में सुबह ही पैदल मार्च निकाला गया। जगह-जगह पुलिस बल तैनात रहा। ड्यूटी प्वाइंट्स पर एसडीएम और सीओ ने पहुंचकर पुलिस कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए। माधौगंज में भी शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने पैदल मार्च किया।
सांडी में नायब तहसीलदार नितिन राजपूत और थानाध्यक्ष रामलखन पुलिस बल के साथ पैदल मार्च करते रहे। पिहानी में पुरानी पुलिस चौकी के निकट पुलिस बल मुस्तैद रहा। कोतवाल एसपी शुक्ला लगातार भ्रमण करते रहे। कछौना में पुलिस बल ने पैदल मार्च किया। स्टेशन रोड, हथौड़ा रोड और रेलवे स्टेशन पर पुलिस टीम सद्भाव बनाए रखने की कवायद में जुटी दिखाई दी। मल्लावां में भी कोतवाल लगातार पुलिस बल के साथ पैदल मार्च करते रहे।