जिले में ताबड़तोड़ घटनाओं से पुलिस के दावों की पोल
खुल रही है। रविवार को जानवर बेंचकर घर लौट रहे ग्रामीण से बाइक सवार
लुटेरों ने असलहेे के बल पर उसे मारापीटा और 68 हजार की नगदी लूटकर फरार हो
गए। उधर, सांडी क्षेत्र में दिल्ली से आई एक रोडवेज बस में सवार यात्री
जहरखुरानी गिरोह का शिकार हो गया।
बदमाशों ने इस यात्री के पास मौजूद 13
हजार की नगदी व मोबाइल लूट लिया। बेहोशी हालत मेें पुलिस ने सीएचसी में
भर्ती कराया। शाहाबाद क्षेत्र के ग्राम वारीपुर निवासी संतराम पुत्र
रामेश्वर नखासे जानवर बेचने आया था। वह जानवर बेंच कर 68 हजार रुपये लेकर
अपने साथी अशोक के साथ घर लौट रहे थे।
रास्ते में उधरनपुर-हर्रई मार्ग पर
नहर पुलिया के पास दो बाइक सवार लुटेरे आए और घेर लिया और उसके पास से
रुपये छीनने लगे। उन लोगों ने विरोध किया तो तमंचा लगा दिया और मारापीटा और
नगदी छीनकर फरार हो गए। जानकारी होते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना
पुलिस को दी गई।
कोतवाल राजेश सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही
है। इधर, सांडी क्षेत्र के ग्राम नबावगंज कुटिला निवासी श्रीकृष्ण का पुत्र
रामजी (19) दिल्ली से रोडवेज बस से सांडी आ रहे थे। रास्ते में उसके पास
बैठी एक सवारी से उसकी बातचीत होने लगी। बताते है कि बातचीत दोस्ती में बदल
गई।
बस फर्रुखाबाद में रुकी, तो सीट पर बैठे व्यक्ति ने उसे शीतल पेय
पिलवाया। इसके बाद वह बस मेें ही बेहोश हो गया। मौका पाकर आरोपी रास्ते में
उतर गया। इधर, बस में रामजी को अचेतावस्था में सीट पर पड़ा देख लोगों ने
परिचालक को सूचना दी।
परिचालक ने रामजी को कस्बा स्थित बस स्टैंड पर उतार
कर गाड़ी आगे बढ़ा दी। आस पास के लोगों ने जब यात्री को बेहोशी हालत में
देखा तो उसे थाने पहुंचाया। जहां थाना इंचार्ज दीनानाथ मिश्रा ने यात्री को
पीएचसी में भर्ती कराया। होश आने पर उसके परिजनों को सूचना देकर बुलवाया।
रामजी ने बताया कि वह अपने तीन भाईयोें की मदद से सब्जी मसाला की सेल्समैनी
दिल्ली में करता है। घर पर फसल बर्बाद होने की सूचना पर वह वहां से 13
हजार रुपये बचाकर वह परिवार को देने आ रहा था। रास्ते में उसके साथ यह
हादसा हो गया। उसने बताया कि उसका मोबाइल और नगदी गायब है।