हरदोई। बाढ़ प्रभावित ग्राम पंचायतों में निचले स्थानों पर लगे सरकारी हैंडपंपों को ऊंचा उठाने के कार्य में लापरवाही पर डीपीआरओ ने पांच सहायक विकास अधिकारी पंचायत का वेतन अगले आदेश तक रोक दिया है। साथ ही कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
बाढ़ प्रभावित ग्राम पंचायतों में निचले स्थानों पर लगे इंडिया मार्का-2 हैंडपंपों को ऊपर उठाने की कवायद चल रही है। अफसरों के निर्देश हैं कि बाढ़ आने से पहले ही यह कार्य हर हाल में पूरा कर लिया जाए। कार्य के पूर्व की फोटो और कार्य पूरा होने के बाद की फोटो भी 23 जून की दोपहर तक मांगे गए थे, लेकिन प्रगति के सापेक्ष फोटोग्राफ उपलब्ध नहीं कराए गए।
इसके चलते बिलग्राम, हरपालपुर, माधौगंज, मल्लावां और सांडी के एडीओ पंचायत का वेतन अगले आदेशों तक रोक दिया गया है। जिला पंचायत राज अधिकारी गिरीश चंद्र ने बताया कि अपेक्षित प्रगति न होने और वांछित फोटोग्राफ उपलब्ध न कराए जाने के चलते सीडीओ के निर्देश पर वेतन रोका गया है।