हरदोई। पाली थाना क्षेत्र के घुरहाई गांव में 31 अक्तूबर को हुई युवक की मौत की गुत्थी उलझ गई है। परिजनों ने ससुरालियों पर शराब में जहर पिलाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पिता ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
पाली थाना क्षेत्र के ग्राम घुरहाई निवासी उनीश (25) पुत्र रतीराम मजदूरी करता था। परिजनों के मुताबिक उनीश भैयादूज पर पत्नी नन्हीं को लेकर ससुराल लखमापुर गया था। 31 अक्तूबर को उनीश ने पत्नी को विदा करने की बात कही थी। पिता का आरोप है कि ससुरालियों ने उसे विदा करने से मना कर दिया। विरोध पर उसकी जमकर पिटाई कर दी थी। इसके बाद शराब में जहर पिला दिया। उसे बेहोशी की हालत में पाली गर्रा पुल के पास फेंक गए थे। सूचना मिलने पर परिजन उसे शाहाबाद सीएचसी ले गए थे। जहां पर चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों का कहना है कि घटना के बाद पत्नी तक देखने नहीं आई। मृतक के पिता ने ससुरालियों पर शराब पिलाकर हत्या करने का आरोप लगा थाने में तहरीर दी है। एसओ डीपी सिंह ने बताया कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी।