शाहाबाद (हरदोई)। नगर की एक युवती ने कस्बा निवासी रिश्तेदार पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने और शादी होने से पूर्व विदेश भाग जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी व उसके परिजनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कस्बा निवासी एक युवती ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि नगर के मोहल्ला नेकोजई निवासी रिश्तेदार फरहान का उसके घर आना जाना था। एक घर में उसे अकेला पाकर आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। उसने इसकी शिकायत परिजनों से की तो उसके व आरोपी के परिवार के बीच समझौता हो गया। समझौते के मुताबिक 9 नवंबर को उसकी और आरोपी की शादी तय की गई थी। बताया कि उसके परिजनों ने शादी के चलते नगर में एक मैरिज लॉन बुक कराने समेत अन्य इंतजाम करने शुरू कर दिए। बताया कि शादी होती, इससे पहले ही आरोपी फरहान सऊदी अरब भाग गया। इसमें उसके परिजनों ने भी उसकी मदद की। कोतवाल संत प्रसाद उपाध्याय ने बताया कि युवती की तहरीर पर आरोपी फरहान, उसके पिता लड्डन व उसके परिवार के नसरीन, फैजान, चुन्ना व सलमान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।