पिहानी। पिहानी-चपरतला मार्ग पर चठिया तिराहे के पास मंगलवार को तेज रफ्तार पिकअप ने वैन में टक्कर मार दी। इस हादसे मेें वैन चालक की मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव सआदतनगर निवासी राजेंद्र कुमार (50) वैन चालक था। मंगलवार को वह वैन लेकर पिहानी जा रहा था। चठिया तिराहे के पास पिहानी की ओर से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने वैन में टक्कर मार दी। हादसे में राजेंद्र कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया।
वैन को टक्कर मारने के बाद पिकअप कुछ दूर जाकर पलट गई। चालक पिकअप छोड़कर फरार हो गया। हादसे के बाद वहां मौजूद लोगों ने घायल वैन चालक को सीएचसी पहुंचाया।
वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। राजेंद्र कुमार की मौत की खबर मिलते ही बदहवास परिजन सीएचसी पहुंचे। परिजनों ने बताया कि राजेंद्र के चार बेटियां व दो बेटे हैं। परिजनों के आने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।