हरदोई। देहात कोतवाली क्षेत्र में हरदोई-पिहानी मार्ग पर बरगांवा के पास शुक्रवार सुबह सड़क पार कर रही छात्रा टेंपो की टक्कर से घायल हो गई। उसके सिर और पैर में चोट आई है। डाक्टरों ने उसे लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया है।
पिहानी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जलालपुर गोपी निवासी संतोषी (12) पुत्री राकेश गांव स्थित प्राथमिक स्कूल में कक्षा चार की छात्रा है। दो दिन पूर्व वह देहात कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बरगांवा निवासी बुआ के घर आई थी। शुक्रवार सुबह हरदोई-पिहानी मार्ग पर हरियावां की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार टेंपो ने उसे टक्कर मार दी। घटना के बाद चालक टेंपो छोड़कर भाग गया। घटना की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने उसे आनन-फानन में जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर होने पर लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया है। कोतवाल रंधा सिंह ने बताया कि घटना संज्ञान में है। परिजनों की तरफ से तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।