पत्नी ने गांव के व्यक्ति पर शराब में जहर मिलाने का लगाया आरोप
- हरियावां थाना क्षेत्र के उमरसेड़ा गांव की घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
हरियावां। हरियावां थाना क्षेत्र के उमरसेड़ा गांव में रविवार देर शाम शराब पीकर घर आए एक युवक की तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसको सीएचसी पिहानी फिर मेडिकल कॉलेज लाए। यहां चिकित्सक ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया। लखनऊ ले जाते समय सोमवार की सुबह युवक ने दम तोड़ दिया। मृतक की पत्नी ने शराब में जहर मिलाकर पिलाने का आरोप लगाया है।
उमरसेड़ा निवासी सुनील (45) खेती करते थे। उनकी पत्नी पिंकी ने बताया कि गांव में एक व्यक्ति शराब बेचता है। रविवार की देर शाम सुनील उसी के यहां से शराब पीकर घर आए। इसके कुछ देर बाद ही उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उनको लेकर सीएचसी पिहानी फिर मेडिकल कॉलेज लाए।
यहां चिकित्सक ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया। सोमवार की सुबह पांच बजे लखनऊ ले जाते समय उन्होंने दम तोड़ दिया। परिजन शव गांव ले आए। पुलिस को सूचना दी गई। मृतक की पत्नी ने गांव निवासी एक व्यक्ति पर शराब में जहर मिलाने का आरोप लगाया है। मृतक के परिवार में पत्नी और तीन पुत्रियां हैं। थानाध्यक्ष वीर बहादुर ने बताया कि शव का पंचनामा भरा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।