फोटो- 26- प्रमोद सक्सेना। फाइल फोटो
हरदोई। कछौना कोतवाली क्षेत्र के तकिया गांव निवासी दुकानदार की शराब पार्टी से वापस घर पहुंचने पर शनिवार रात हालत बिगड़ गई। परिजन उन्हें सीएचसी फिर मेडिकल कॉलेज ले गए। मेडिकल कॉलेज में युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक की पत्नी ने दोस्त पर शराब में जहर मिलाकर देने का आरोप लगाया।
सुठेना के मजरा तकिया निवासी प्रमोद सक्सेना (34) बालामऊ फाटक के पास गाजू रोड पर चाय व समोसे की दुकान चलाते थे। दुकान के अंदर बने कमरे में वह पत्नी मधु और तीन बच्चों के साथ रहते थे। मधु ने बताया कि प्रमोद ने कछौना के चंद्रानगर के एक मकान को खरीदने का सौदा अपने दोस्त नीरज से पांच लाख रुपये में किया था। नीरज ने बैनामा कराने के लिए 50 हजार रुपये मांगे थे।
आरोप है कि नीरज शनिवार शाम प्रमोद को शराब पार्टी के लिए अपने साथ ले गया था। रात 10 बजे प्रमोद वापस आए तो उनकी हालत बिगड़ी हुई थी। पत्नी पड़ोसियों की मदद से उन्हें कछौना सीएचसी ले गईं। यहां चिकित्सक ने हालत गंभीर बताते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान देर रात प्रमोद की मौत हो गई। कोतवाल अनिल कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। परिजन ने जो आरोप लगाए हैं उनकी जांच की जाएगी।
फोटो- 26- प्रमोद सक्सेना। फाइल फोटो