मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती शामीन।
हरदोई। सीतापुर रोड पर काली माता मंदिर और रेलवे ओवरब्रिज के बीच कुछ लोगों ने युवक को पीटने के बाद तमंचे से गोली मार दी। पेट में गोली लगने से घायल युवक को मेडिकल कॉलेज में इलाज के बाद गंभीर हालत में लखनऊ रेफर कर दिया गया है।
बहन और मां ने छह युवकों पर घर पर पथराव करने के बाद पीछा कर युवक को गोली मारने का आरोप लगाया है। हालांकि, वारदात का कारण अभी तक स्प्ष्ट नहीं है।
देहात कोतवाली क्षेत्र में खदरा फाटक के निकट रहने वालास शामीन (20) दूध डेयरी चलाने में परिजनों का सहयोग करता है। शमीन के मुताबिक शुक्रवार दोपहर करीब ढाई बजे वह देहात कोतवाली क्षेत्र में भूसा तलाशने बाइक से गया था। भूसा खरीदकर बुग्गी पर लदवा दिया था।
खुद बाइक से घर जाने को निकला था। बुग्गी काफी पीछे रह गई तो वह ओवरब्रिज से पहले ही एक दुकान पर सिगरेट पीने लगा। तभी छह युवक वहां आ गए और पिटाई करने लगे। इसके बाद इनमें से एक ने तमंचे से शामीन को गोली मार दी।
घटना की जानकारी आसपास कुछ लोगों ने शामीन के चचेरे भाई अरमान को दी। इसके बाद उसे मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। मेडिकल कॉलेज में इलाज के बाद उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया।
शामीन की मां रईसा और बहन रोशनी के मुताबिक, हमलावरों ने दिन में उसके घर पर पथराव किया था। तब शामीन घर पर नहीं था। इन लोगों ने धमकी दी थी कि शामीन को खोजकर उसे मार देंगे। इसके बाद शामीन की रेकी की गई और फिर घटना हो गई।
सीओ सिटी अंकित मिश्रा ने बताया कि परिजनों से तहरीर लेकर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। घटना की वास्तविक वजह परिजन भी नहीं बता पा रहे हैं।