सवायजपुर। जहर खाने के बाद छह अक्तूबर को सड़क हादसे में घायल युवक की बुआ के घर संदिग्ध हालात में मौत हो गई। प्रेमिका की मौत जहर खाने के कारण 18 अक्तूबर को लखनऊ में हो गई थी। मृतक के भाई ने बुआ और उसकी बेटी पर जहर खिलाने का आरोप लगाया है।
कोतवाली क्षेत्र के दुलारपुर निवासी विकास सिंह (22) खेती करते थे। बड़े भाई हर्षित के मुताबिक, विकास और लोनार कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती (20) के बीच प्रेम प्रसंग था। छह अक्तूबर काे विकास और उसकी प्रेमिका ने जहर खा लिया था। इसके बाद बाइक से दोनों हरदोई जा रहे थे। रास्ते में हुए हादसे में दोनों घायल हो गए थे। सीएचसी पहुंचने पर दोनों में जहर की पुष्टि हुई थी। दोनों को मेडिकल कॉलेज से लखनऊ रेफर किया गया था। प्रेमिका की मौत 18 अक्तूबर को लखनऊ में मेडिकल कॉलेज में हो गई थी। तबीयत सही होने पर विकास की बुआ उसे अपने घर शाहजहांपुर जनपद के अल्हागंज थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव ले गई थीं।
भाई का दावा है कि रविवार को दिन में बुआ ने विकास की मौत होने की जानकारी दी। रात आठ बजे हर्षित बुआ के घर पहुंचे। विकास की मौत के हालात पर संदेह जताया और शव घर ले आए। पुलिस को सूचना दी। मृतक चार भाई बहनों में तीसरे नंबर का था। थानाध्यक्ष प्रिंस कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अधार पर कार्रवाई की जाएगी।
बुआ के कहने पर पांच बीघा जमीन भी बेच दी
हर्षित के मुताबिक, बीते शुक्रवार को बुआ के कहने पर विकास ने अपने हिस्से की पांच बीघा जमीन किसी को बेच दी। इसकी जानकारी उन्हें रिश्तेदारों से मिली थी। जमीन बेचने के बाद मिले रुपये कहां हैं। इसकी उन्हें जानकारी नहीं है।