टड़ियावां। करनपुर गांव में रविवार दोपहर युवक की बल्लम (भाला) के वार से हत्या कर दी गई। आरोपी समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। हत्या की वारदात से गांव में सनसनी है। मृतक की पत्नी के मुताबिक, आरोपी के परिवार से उनकी रंजिश चल रही है।
थाना क्षेत्र के ग्राम जराजपुर के मजरा करनपुर निवासी संजय (38) खेती करते थे। उनके मकान से कुछ दूरी पर धनीराम का मकान है। संजय की पत्नी फूलमती के मुताबिक, धनीराम के परिवार से पहले से उनका विवाद चल रहा है जिससे धनीराम और उनकी पत्नी गुड़िया रंजिश मानते हैं। रविवार दोपहर फूलमती अपने खेत की ओर जा रही थीं।
इस दौरान गुड़िया ने उन्हें उलहना दिया। दोनों में कहासुनी होने लगी। मौके पर संजय और उनकी पुत्री प्रियंका और धनीराम और उनका पुत्र वीरु भी आ गए। दोनों पक्षों की कहासुनी मारपीट में बदल गई। आरोप है कि इस दौरान धनीराम ने बल्लम से संजय के सिर और सीने पर हमला कर दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। फूलमती और उनकी पुत्री को भी चोटें आईं। संजय को सीएचसी लाया गया।
यहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। परिवार में पत्नी, दो पुत्र शशिकांत, रितिक, तीन पुत्रियां प्रियंका, सपना और रिया हैं। सीओ अजीत चौहान और थानाध्यक्ष कुलदीप सिंह ने घटनास्थल पर पहुंचकर जानकारी जुटाई। सीओ ने बताया कि आरोपी, उसकी पत्नी और पुत्र को हिरासत में लिया गया है। मृतक की पत्नी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।
इनसेट
चर्चा है दोनों साथ काम करते थे
हत्या के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। ग्रामीणों के मुताबिक, धनीराम और संजय पहले साथ-साथ काम करते थे। रुपयोें के लेनदेन में दोनों के बीच विवाद हो गया था। तब से धनीराम संजय से रंजिश मान रहा था।