हरपालपुर। कोतवाली क्षेत्र के नगरा चौधरपुर गांव में बुधवार सुबह पेड़ पर युवक का शव फंदे से लटका मिला। युवक मंगलवार शाम घर से निकला था। भतीजे ने बताया कि 26 दिसंबर को फर्रुखाबाद में कुछ लोगों ने युवक की पिटाई कर दी थी। इससे वह आहत थे। आशंका जताई कि इसी कारण उन्होंने खुदकुशी की है।
नगरा चौधरपुर निवासी दिनेश वर्मा उर्फ शीशपाल (43) टेंट हाउस चलाते थे। उनकी दुकान फर्रुखाबाद जनपद के मऊ दरवाजा थाना क्षेत्र के हैबतपुर गढ़िया में है। वह दुकान के पीछे बने मकान में ही रहते थे। पत्नी की मौत हो चुकी है और इकलौता पुत्र शिवम नगरा चौधरपुर में रहता है। भतीजे बृजमोहन के मुताबिक, 29 दिसंबर को चाचा दिनेश नगरा चौधरपुर आए थे। उन्होंने शिवम को बताया था कि 26 दिसंबर को हैबतपुर गढि़या में उन्हें कुछ लोगों ने लात घूसों और लाठी डंडों से पीट दिया था। इस कारण वह घायल हो गए।
मंगलवार शाम बिना कुछ बताए वह घर से चले गए थे। रात में वापस न आने पर उनकी तलाश की गई लेकिन उनका सुराग नहीं लगा। उनके मकान के बाहर 50 कदम पर एक शीशम का पेड़ है। बुधवार सुबह शिवम मकान के बाहर गए। उन्होंने शीशम के पेड़ पर पिता दिनेश का शव रस्सी के फंदे से लटका देखा। पुलिस को सूचना दी गई। फॉरेंसिक टीम ने मौके से नमूने जुटाए। कोतवाल वीरेंद्र कुमार पंकज ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
फोटो-19- दिनेश वर्मा। फाइल फोटो