हरदोई। तत्योरा के मजरा जोगीपुर में कपड़े धोते समय तालाब में गिरकर पानी में डूब जाने से युवक की मौत हो गई।
विज्ञापन
शहर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम तत्यौरा के मजरा जोगीपुर निवासी प्रेम कुमार (28) मजदूर था। तीन माह से वह बेहटी गांव निवासी राजेंद्र के यहां काम कर रहा था। राजेंद्र तालाब में मछली पालते हैं। तालाब की देखरेख और मछलियों को दाना पानी देने की जिम्मेदारी प्रेम कुमार पर थी। बुधवार की शाम प्रेम तालाब किनारे कपड़े धो रहा था। इसी दौरान वह तालाब में गिरकर गहरे पानी में चला गया। उसने शोर मचाया तो आस पास मौजूद लोग मौके पर आ गए।
इन लोगों ने तालाब में कूदकर प्रेम कुमार को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी राजेंद्र के पुत्र नीरज ने मृतक के पिता भगवानदीन को दी। बिलखता हुआ भगवानदीन भी मौके पर पहुंचा। मृतक पांच भाई-बहनों में सबसे बड़ा और अविवाहित था। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि घटना को लेकर परिजनों ने काेई आरोप नहीं लगाए हैं।