हरदोई। दो साल पहले 40 हजार रुपये का लोन दिला कर खुद रुपये रखने वाले चार सगे भाइयों समेत पांच आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामला तब प्रकाश में आया जब महिला के पास जयपुर से 50,473 रुपये लोन जमा करने की नोटिस आई। पुलिस अधीक्षक के आदेश के बाद धोखाधड़ी और एससीएसटी एक्ट समेत कई धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
ग्राम नन्हे के मजरा पहल निवासी सुमित्रा ने बृहस्पतिवार की देर शाम कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई है। इसमें बताया कि गांव निवासी दयाराम, उनके भाई रामबली, रामप्रताप, रामलखन और दयाराम के बहनोई उत्तम ने सरकारी योजना में लोन दिलाने नाम पर उनसे धोखाधड़ी की है। दो साल पहले आरोपियों ने बैंक ले जाकर उन्हें 40 हजार रुपये का लोन दिलवाया। आरोपियों ने उनका अंगूठा लगवाकर 40 हजार निकाल लिए। आरोपियों ने रुपये अपने पास रख लिए। घर पहुंचकर रुपये देने की बात कही लेकिन नहीं दिए। बाद में मांगने पर भी आरोपियों ने रुपये नहीं दिए थे। सुमित्रा ने तीन सितंबर 2025 को गांव की पंचायत बुला कर आरोपियों से रुपये देने की बात कही थी लेकिन आरोपियों ने उन्हें जातिसूचक अपशब्द कहे। सात दिन पहले सुमित्रा को एक नोटिस मिली। इसमें नोटिस पर भेजने वाले का नाम और पता दिगंबर कैरिफन 54-55 आनंद मोती, हिम्मत नगर गोपालपुरा टांक मार्ग जयपुर दर्शाया गया है। नोटिस पर लोन संख्या 746744 पड़ी है। नोटिस में 50,473 रुपये लोक अदालत जयपुर में जमा करने की बात लिखी है। देहात कोतवाल हरिनाथ यादव ने बताया कि चारों आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है।